*ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर सियासत गरम, पीएन पाठक का ट्वीट बना चर्चा का केंद्र।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ सोमेन्द्र द्विवेदी न्यू दिल्ली 

 

“जोड़ने की बात, तोड़ने की नहीं” बैठक पर पहली खुली प्रतिक्रिया

 

 

उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों की बैठक ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। विपक्षी दलों से लेकर सोशल मीडिया तक इस बैठक को सत्ता के भीतर संभावित असंतोष या बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा। सियासी चर्चाएं तब और तेज हो गईं जब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस तरह की बैठकों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी भरा बयान दिया।

 

इसी बीच अब कुशीनगर के फाजिलनगर से बीजेपी विधायक पीएन पाठक की प्रतिक्रिया सामने आई है। बैठक को लेकर उठ रहे सवालों और अटकलों के बीच पीएन पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक अहम टिप्पणी की। उन्होंने लिखा—

“ब्राह्मण समाज को जोड़ने का काम करता है, तोड़ने का नहीं।”

 

पीएन पाठक के इस ट्वीट को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ गई है। माना जा रहा है कि उनके इस बयान के जरिए उन्होंने परोक्ष रूप से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की चेतावनी का जवाब दिया है। हालांकि विधायक ने अपने ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन समय और संदर्भ को देखते हुए इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

 

जानकारों का मानना है कि यह बयान पार्टी के भीतर उठ रही चर्चाओं को शांत करने के साथ-साथ ब्राह्मण समाज के प्रति एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश भी हो सकता है। फिलहाल, इस ट्वीट ने बैठक को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दे दी है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बीजेपी के भीतर और स्पष्टीकरण सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *