ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज। प्रदेश में गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 90 हजार लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने लाभार्थी गुंजा देवी से संवाद कर उन्हें आवास स्वीकृत होने और पहली किस्त मिलने पर बधाई दी।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने गुंजा देवी से सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने लाभार्थी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजी। वहीं जनपद महराजगंज में कुल 1285 लाभार्थियों के खातों में प्रति लाभार्थी एक लाख रुपये की पहली किस्त भेजी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 250 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फतेहपुर, सहारनपुर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और प्रयागराज के लाभार्थियों से भी वर्चुअल संवाद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार लगातार आमजन के हित में कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज जिले के 1285 लोगों को आवास निर्माण के लिए एक लाख रुपये की पहली किस्त मिली है।
फरेंदा विधायक ने भी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्राप्त धनराशि का उपयोग कर सभी लोग अपना पक्का घर बनाने का सपना साकार करें।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए अपील की कि प्राप्त धनराशि का उपयोग आवास निर्माण में ही करें, ताकि योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, पीओ डूडा प्रेमशंकर पांडेय, नगर पंचायत आनंदनगर अध्यक्ष राजेश जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, सीएमएम आनंद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।