*महराजगंज में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए कड़े निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

 

महराजगंज, 19 फरवरी 2026। भारत की आगामी जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के सुचारू, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु तहसील, निकाय एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह भारत सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस प्रकार निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तत्परता एवं गंभीरता से संपन्न कराया जाता है, उसी प्रकार जनगणना-2027 के कार्य को भी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने अवगत कराया कि समस्त प्रक्रियाएं सीएमएम पोर्टल के माध्यम से संपादित की जाएंगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जनगणना-2027 के लिए अम्बिका मौर्य को जनपद महराजगंज का प्रभारी नामित किया गया है। मौर्य ने प्रोजेक्टर के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार्ज अधिकारी, प्रगणक एवं सुपरवाइजर को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

 

उन्होंने जानकारी दी कि 07 मई से 21 मई 2026 (15 दिवस) तक स्व-गणना की अवधि निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत नागरिक स्वयं अपनी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके उपरांत 22 मई 2026 से प्रगणक एवं सुपरवाइजर द्वारा स्थलीय सत्यापन कर आंकड़ों को अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर उप जिलाधिकारी विजय यादव, उपजिलाधिकारी फरेंदा एवं नौतनवा सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *