*डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी तेज, कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक सम्पन्न।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अब तक किए गए कार्यों का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में बताया गया कि भारत की जनगणना 2027 पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। यह प्रक्रिया सीएमएमएस पोर्टल, स्व-गणना पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए दो चरणों में सम्पन्न होगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्व-गणना के प्रति आम जनता को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि जनभागीदारी बढ़े और सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

 

यह भी बताया गया कि जनगणना के आंकड़े अगले 10 वर्षों तक शासकीय नीतियों और योजनाओं के निर्माण का आधार बनेंगे। इससे योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

 

जनगणना प्रक्रिया में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि वे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सभी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देंगे, जिससे कार्य की शुद्धता और सटीकता सुनिश्चित हो सके।

 

महत्वपूर्ण तिथियां:

स्व-गणना अवधि: 07 मई से 21 मई 2026 प्रथम चरण (मकान गणना/सूचीकरण): 22 मई से 20 जून 2026 द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना): 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027

स्व-गणना के दौरान नागरिक census.gov.in पोर्टल पर जाकर 33 बिंदुओं की प्रश्नावली स्वयं भर सकेंगे। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, जनगणना प्रभारी, सूचना विभाग के अधिकारी, तहसील व नगर निकायों के चार्ज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *