ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी /फरेंदा महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज/फरेंदा, 19 मार्च: जनपद महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासनिक टीम द्वारा गैस एजेंसियों और बाजारों में व्यापक स्तर पर संयुक्त छापेमारी की गई। इस दौरान कई अनियमितताएं उजागर हुईं, जिससे हड़कंप मच गया। जांच टीम में एसडीएम शैलेन्द्र गौतम, क्षेत्राधिकारी पुलिस, पूर्ति निरीक्षक और बाट-माप अधिकारी शामिल रहे।
आनंदनगर गैस एजेंसी में मिली बड़ी गड़बड़ी
संयुक्त टीम जब आनंदनगर स्थित गैस एजेंसी के गोदाम पहुंची, तो वहां 27 गैस सिलेंडर छिपाकर रखे हुए पाए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि एजेंसी द्वारा बाहर आम ग्राहकों को गैस खत्म होने की सूचना दी जा रही थी। इस अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लेखपाल की मौजूदगी में मौके पर ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित कराए गए। साथ ही पूर्ति निरीक्षक को एजेंसी के खिलाफ विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
धानी में गैस आपूर्ति ठप, अधिकारियों ने लिया संज्ञान
वहीं धानी स्थित राधे एचपी गैस एजेंसी की जांच में गोदाम पूरी तरह खाली मिला। एजेंसी संचालक ने बताया कि 15 मार्च के बाद से गैस की आपूर्ति नहीं हुई है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए अधिकारियों ने पूर्ति विभाग के माध्यम से एचपी कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर जल्द से जल्द आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
रेस्टोरेंट और दुकानों में भी चला निरीक्षण अभियान
टीम ने धानी बाजार और आनंदनगर बाजार में रेस्टोरेंट व अन्य प्रतिष्ठानों पर भी औचक निरीक्षण किया। आनंदनगर के पन्ने लाल रेस्टोरेंट में दो घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया। इस पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप
अचानक हुई इस कार्रवाई से गैस एजेंसियों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी।
एसडीएम शैलेन्द्र गौतम का प्रभावशाली बयान
एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने सख्त लहजे में कहा,किसी भी कीमत पर उपभोक्ताओं के अधिकारों से समझौता नहीं किया जाएगा। गैस एजेंसियों द्वारा कालाबाजारी, स्टॉक छिपाने या गलत सूचना देने जैसी अनियमितताएं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होंगी। दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हमारा उद्देश्य है कि हर पात्र उपभोक्ता को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस उपलब्ध हो।