ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 06 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया और खामियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने ट्रामा सेंटर, डायलिसिस वार्ड, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, ईएनटी वार्ड और शिशु एवं बाल रोग वार्ड का दौरा कर व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। डायलिसिस कक्ष में भर्ती मरीजों की संख्या 08 बताई गई, जिस पर डीएम ने सेवा दे रही एजेंसी के कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्धारित ड्रेस कोड और आईडी के साथ ही कार्य करें। बिना पहचान पत्र के किसी भी कर्मचारी की वार्ड में मौजूदगी पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने अस्पताल परिसर में कूलिंग सेंटर को तत्काल प्रभाव से शुरू करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हीट वेव से बचाव के लिए मरीजों के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की खराब स्थिति और मरीजों के गंदे बिस्तरों को देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सफाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर अधिकांश मरीजों ने संतोष जताया, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत भी सामने आई।
अंत में डीएम ने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। आपातकालीन कक्ष में 24 घंटे डॉक्टर और आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल परिसर में बाहरी लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने और मरीजों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।