*राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह समापन पर कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, एनएच कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी सख्त।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज, 31 जनवरी 2026, राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की समाप्ति के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में मा० जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद की प्रमुख सड़कों की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के निस्तारण तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने महराजगंज–ठूठीबारी राजमार्ग के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए एनएच पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली को असंतोषजनक बताया। उन्होंने निर्देशित किया कि राजमार्ग पर लंबित एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता, एनएच पीडब्ल्यूडी को फरवरी माह में प्रस्तावित दिशा बैठक से पूर्व अद्यतन प्रगति विवरण सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर संबंधित अधिशासी अभियंता के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने का भी निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने गोरखपुर–सोनौली मार्ग की धीमी प्रगति पर भी गहरा असंतोष जताया। महराजगंज–परतावल मार्ग पर सड़कों के किनारे व्हाइट पेंटिंग तत्काल कराए जाने तथा परतावल–पनियरा मार्ग पर सड़कों के किनारे मौजूद गड्ढों की शीघ्र भराई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। विधायक पनियरा ने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत गंभीर विषय है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों के पालन की अपील की। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों में 18 वर्ष से कम आयु के छात्र वाहन चलाकर न आएं तथा बिना हेलमेट किसी को प्रवेश न दिया जाए।

विधायक सदर ने सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई तेज करने पर बल दिया। विधायक फरेंदा ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। तीनों विधायकगण ने सड़कों पर आवश्यक संकेतक लगाने हेतु विधायक निधि से धन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व एआरटीओ श्री मनोज सिंह एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह दिनांक: 01 जनवरी 2026 से आरम्भ होकर 31 जनवरी 2026 को समाप्त हुआ। एआरटीओ द्वारा इस दौरान हुए प्रवर्तन कार्यों से मा. जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ख़बर के साथ हेडिंग बनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *