जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व व निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

 

महराजगंज जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं निर्वाचन कार्यों की समीक्षा हेतु आर्चूवल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल सहित तहसील फरेन्दा, नौतनवा एवं निचलौल के एसडीएम, तहसीलदार व लेखपाल उपस्थित रहे।

 

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों से “स्वांतः सुखाय” की भावना से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर ऐसी त्रुटि न हो जिससे जनसमस्याएं उत्पन्न हों। निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने या लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

 

वर्तमान अंश निर्धारण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने खतौनी में अंकित खातेदार/सह-खातेदार के गाटों में अंश निर्धारण से संबंधित त्रुटियों एवं लोप की जांच कर संशोधन, अंश निर्धारण, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से जुड़े समस्त कार्य ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही एसआईआर के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट रोल का स्थलीय सत्यापन कर शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने को कहा।

 

फार्मर रजिस्ट्री को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य कृषि विभाग के पोर्टल से किया जाना है, लेकिन इसमें राजस्व विभाग की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। कार्य में हो रही शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने इसे एक सप्ताह में पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने खतौनी में दर्ज खातेदार/सह-खातेदार कृषकों का स्थलीय सत्यापन कर किसान व गैर-किसान का स्पष्ट विभाजन करने, त्रुटिपूर्ण नाम हटाने तथा ग्रीन, एम्बर और रेड लिस्ट के माध्यम से खातों की सही मैपिंग सुनिश्चित करने को कहा।

 

एसआईआर विशेष पुनरीक्षण के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ईआरओ एवं एईआरओ मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने हेतु 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने वाले मतदाताओं को जारी नोटिस स्वयं रिसीव कराकर पूर्ण विवरण प्राप्त करें। कटे एवं नए मतदाताओं, महिला मतदाताओं के नामों की जांच कर सूची दुरुस्त करने तथा जिन बूथों पर एक ही अनुभाग संख्या अंकित है, उसकी जांच कर सही अंकन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सदर एसडीएम जितेन्द्र सिंह, सदर तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार देशदीपक तिवारी सहित संबंधित लेखपाल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *