ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज, 25 फरवरी 2026। जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान मा. प्रभारी मंत्री ने विभिन्न निर्माण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय–समय पर अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने चेतरा नर्सरी, वनग्राम-24 एवं हथियाहवा–बलुअहिया संपर्क मार्ग के निर्माण में हो रहे विलंब पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनग्रामों का विकास मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण के संदर्भ में उन्होंने स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित कर शीघ्र संचालन प्रारंभ करने का निर्देश दिया। वहीं राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय, बिशुनपुर में कार्य में देरी पर संबंधित ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए।
विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए मंत्री ने बी एवं सी ग्रेड वाली योजनाओं में प्रगति सुधारने पर विशेष जोर दिया और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के उपरांत मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन मल्टी पर्पज हॉल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि हॉल परिसर में स्वयं सहायता समूहों एवं जनपद के उत्पादों के लिए दुकानों की व्यवस्था भी की जाए, जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को विभागों में नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। पर्यटन, कृषि एवं एमएसएमई जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जनपद की उल्लेखनीय भूमिका सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री सहित विधायकगण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।