ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी /निचलौल महराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज, 02 फरवरी 2026, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज तहसील निचलौल क्षेत्र में निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेस्क्यू सेंटर में प्रस्तावित विभिन्न संरचनाओं का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर आवश्यक निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल एवं अन्य निर्माणाधीन इकाइयों को देखा गया। उन्होंने डीएफओ महोदय को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। कहा कि निर्माण में प्रयुक्त ईंटों, सरियों एवं अन्य निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप एवं टिकाऊ हो।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की मूल डीपीआर में रेस्क्यू सेंटर तक संपर्क मार्ग तथा विद्युत संयोजन का प्रावधान शामिल नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक अनुपूरक मांग के लिए संबंधित विभाग को शीघ्र पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में संचालन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था सीएनडीएस को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर जनपद में तेंदुओं के संरक्षण एवं उनके सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। यह सेंटर न केवल वन्य जीव संरक्षण की दृष्टि से अहम है, बल्कि इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में भी सहायता मिलेगी, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की कुल लागत लगभग 14 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के अंतर्गत वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल, वन्यजीव बाड़ा सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम सदर सिद्धार्थ गुप्ता, रेंजर मधवलिया अजीत भास्कर सहित वन विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।