ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 16 मार्च 2026 जनपद में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की रोजाना निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की कुल 47 गैस एजेंसियां संचालित हैं। जनपद में औसत एलपीजी बुकिंग 10002 है, जबकि 15 मार्च को 10560 बुकिंग दर्ज की गई। वर्तमान में एजेंसियों के पास 17181 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं 14 मार्च को 8626 सिलिंडरों की बिक्री हुई है, जिससे स्पष्ट है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए प्रवर्तन दलों का गठन किया गया है, जो विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इसके साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी किया जा रहा है।
पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि गैस सिलिंडर का वितरण होम डिलीवरी व्यवस्था के माध्यम से किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।