ब्यूरो रिपोर्ट/रामेश्वर त्रिपाठी/भिटौली
महराजगंज भिटौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 पर तरकुलवा तिवारी के पास दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल व साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह मौके पर ही जलकर खाक हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (नंबर UP 53 DZ 9708) ने पहले मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, इसके बाद साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा टोला निवासी भोला (38 वर्ष), पुत्र राम विलास तथा श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम निवासी सूर्यभान (62 वर्ष), पुत्र अयोध्या की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, हादसे में भोला की पत्नी सुमन (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।