*सिंदुरिया में युवती की आत्महत्या से सनसनी, थाना प्रभारी बोले—“हर पहलू की होगी गहन जांच।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी सिंदुरिया 

सह संपादक 

सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा छा गया। इस दर्दनाक घटना ने परिवार ही नहीं, गांव के लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनिया बरवा निवासी गुड्डू गिरी ने सिंदुरिया पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री अंकिता ने मंगलवार शाम लगभग पांच बजे घर के कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे। खेत से लौटकर जब उन्होंने आवाज दी और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजन घर के भीतर पहुंचे। वहां का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए—अंकिता पंखे से लटकी हुई थी।

 

बताया गया कि अंकिता अपने तीन भाइयों में सबसे छोटी थी और परिवार की लाड़ली थी। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

 

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के उपरांत देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

 

थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि, “प्रकरण अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस हर बिंदु पर सूक्ष्मता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होते ही तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त नजर रखी जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *