ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सिंदुरिया
प्रधान सम्पादक
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में शनिवार देर रात 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उषा (35) पत्नी मोहन का शव रविवार सुबह घर के अंदर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि रात में भोजन के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो महिला को लटका देख घर में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद परिवार के लोग बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। इसी बीच किसी माध्यम से सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर जांच शुरू कर दी।
मृतका के पति मोहन पेशे से राजमिस्त्री हैं। दंपति के दो नाबालिग पुत्र हैं। मां की असामयिक मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने के कारण हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।