*महराजगंज में सनसनी: पीजी कॉलेज परिसर में फंदे से लटकता मिला किशोर का शव, हत्या या आत्महत्या—रहस्य गहराया।*

ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय /महराजगंज 

उप सम्पादक 

महराजगंज शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज के साइकिल स्टैंड के पास बुधवार को एक किशोर का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और महाविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नगर चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

खबर लिखे जाने तक मृतक किशोर की पहचान नहीं हो सकी थी, जिससे मामले की गंभीरता और भी बढ़ गई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक किशोर को अक्सर एक युवती के साथ साइकिल स्टैंड के आसपास देखा जाता था। ऐसे में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं—क्या यह आत्महत्या का मामला है या फिर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर साजिश रची गई है?

इस पूरे प्रकरण पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। किशोर की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

फिलहाल, यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग सच सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *