रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी महाराजगंज
ठूठीबारी, महाराजगंज मधवलिया रेंज के अंतर्गत बसौली बीट वन क्षेत्र में सोमवार को प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से वन भूमि पर बने छप्परनुमा अतिक्रमण रहित घरों को ध्वस्त कराया गया। यह कार्रवाई उन लोगों पर की गई जिन्होंने पूर्व में दिए गए नोटिस और चेतावनियों के बावजूद भी वन भूमि को खाली नहीं किया था।
वन विभाग के अनुसार कब्जाधारियों को कई बार समय सीमा के साथ निर्देशित किया गया था, लेकिन लगातार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण हटाया नहीं गया। अंततः वन नियमों के तहत कार्रवाई अनिवार्य हुई और टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षात्मक घेरे में की गई यह कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से सम्पन्न हुई। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से कब्जे हटाए गए।
इस अभियान के दौरान वन निरीक्षक अजीत भास्कर, वन दरोगा राजेश त्रिपाठी, ठूठीबारी के एसएसआई प्रणव कुमार ओझा, एसआई दिव्यप्रकाश मौर्य, बृजेश पांडेय, महिला एसआई खुश्बू और कांस्टेबल अजय सिंह सहित वन विभाग व पुलिस के जवान मौके पर मौजूद रहे।
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आगे भी ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।