ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय/महराजगंज
महराजगंज। जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए जिले में रसोई एवं व्यावसायिक गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि जिले में रसोई गैस की भारी कमी से आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने खाना बनाने का संकट खड़ा हो गया है, लेकिन सरकार स्थिति सामान्य होने का दावा कर रही है, जो जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस संकट को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन भी सही जानकारी जनता के सामने नहीं रख रहा है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण कई परिवार मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों से खाना बनाने को विवश हैं। वहीं होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बाहर से पढ़ाई करने आए छात्र भी भोजन की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं।
सपा नेताओं ने मांग की कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। साथ ही इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामलाल यादव, बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव उर्फ लल्ला यादव, प्रणय गौतम, सुमन ओझा, बिद्रेश कन्नौजिया, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, नौशाद आलम और पूर्व विधायक श्रीपत आजाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।