ब्यूरो/ राकेश त्रिपाठी/ठूठीबारी
प्रधान सम्पादक
महराजगंज जनपद के तेज-तर्रार पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने शनिवार को सीमावर्ती थाना ठूठीबारी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कोतवाली पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर के प्रत्येक पहलू का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, बैरक, भोजनालय, पुलिस आवास, महिला हेल्प डेस्क, डे रजिस्टर, अपराध रजिस्टर तथा शस्त्रागार में रखे शस्त्र, कारतूस और हथकड़ियों का सूक्ष्म परीक्षण किया। बैरकों में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस वाहनों को डंपिंग यार्ड में सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने और सभी सीसीटीवी कैमरों को हर हाल में चालू रखने का आदेश दिया।
एसपी सोमेन्द्र मीना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। महिला हेल्प डेस्क और महिला बीट से संबंधित अभिलेखों की विशेष समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता पर बोलते हुए एसपी ने कहा कि इंडो-नेपाल की खुली सीमा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है, लेकिन पुलिस और एसएसबी के आपसी समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पगडंडी रास्तों पर मोबाइल पेट्रोलिंग, संवेदनशील नाकों पर सीसीटीवी कैमरे और सतत निगरानी के जरिए अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में गंभीर लापरवाही भी सामने आई। पुलिस वाहनों में प्रयोग होने वाले हूटर हॉर्न मालखाने में रखे पाए गए, जिस पर एसपी ने गहरी नाराजगी जताते हुए थानाध्यक्ष को कड़ी चेतावनी दी। वहीं फरियादियों के लिए लगाए गए आरओ प्लांट की अव्यवस्थित स्थिति देखकर भी उन्होंने तीखी फटकार लगाई और मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत परंपरागत रूप से दिए जाने वाले उपहार (टॉर्च, साफा व कंबल) की व्यवस्था न देख एसपी का रुख और सख्त हो गया। थानाध्यक्ष नवनीत नगर को कड़े तेवर दिखाते हुए एसपी बिना रुके अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। उनके इस सख्त रुख के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी के इस निरीक्षण से यह साफ संदेश गया कि अनुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर एसआई बृजेश पांडेय, रमेश पूरी, दिनेश सिंह यादव, विक्की शाह, लालचंद वर्मा, लक्ष्मीपुर चौकी इंचार्ज मनीष पटेल, महिला एसआई खुशबू सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।