ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/सिसवा कोठीभार
प्रधान सम्पादक
महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिसवा मुख्य मार्ग पर चोखराज तुलस्यान इंटर कॉलेज के समीप तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों युवकों का इलाज जारी है।
इस दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही कार से टकरा जाती है। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा और बाइक दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की चेतावनी देता है।