ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी महाराजगंज
महराजगंज, 14 फरवरी 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील नौतनवा एवं विकास खंड कार्यालय रतनपुर–नौतनवा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं न्यायालयों की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति तथा जनहित से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति का अवलोकन किया तथा सर्वाधिक पुराने लंबित वाद की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त राजस्व न्यायालयों में पुराने वादों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित एवं प्रभावी सुनवाई की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय प्राप्त हो सके।
इसके उपरांत सीआरए कार्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की। शीर्ष 10 बड़े बकायेदारों की सूची का अवलोकन कर वसूली की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। ग्राम सभा खालिकगढ़ के राजस्व बस्ते, खसरा, खतौनी एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए सभी पत्रावलियों को अद्यतन रखने, जारी नकल का समुचित अभिलेख संधारण सुनिश्चित करने तथा अभिलेखागार में साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव बनाए रखने के निर्देश दिए।
विकास खंड कार्यालय रतनपुर–नौतनवा के निरीक्षण के दौरान फॉर्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी निर्माण की अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा दोनों कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को फॉर्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी के लाभों से व्यापक रूप से अवगत कराया जाए, जिससे कृषकों सहित पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सके।
जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ, विद्युत बिल में कमी तथा अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होता है। साथ ही यह योजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन प्रसाद, तहसीलदार नौतनवा कर्ण सिंह, खंड विकास अधिकारी नौतनवा अमित मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।