ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/ निचलौल
मुख्य सम्पादक
निचलौल (महराजगंज) निचलौल–झूलनीपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आए जंगली सूअर से टकरा गई, जिससे दोनों जवान सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम सभा करमहिया के पास एसएसबी के दो जवान बाइक से निचलौल से झूलनीपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे करमहिया गांव के समीप पहुंचे, तभी अचानक एक जंगली सूअर सड़क पर आ गया। इससे पहले कि जवान कुछ समझ पाते, उनकी बाइक सूअर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों जवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायल जवानों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान मृत्युंजय मौर्या (38) पुत्र धूपनाथ मौर्य, निवासी महराजगंज और संजय यादव (40) पुत्र कल्लू यादव, निवासी गाजीपुर के रूप में हुई है। दोनों एसएसबी में तैनात बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है।
वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष निचलौल अखिलेश वर्मा ने बताया कि जंगली सूअर के अचानक सड़क पर आ जाने से यह दुर्घटना हुई है। घायल दोनों जवानों को तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार कराया जा रहा है। मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि निचलौल–झूलनीपुर मार्ग पर अक्सर जंगली जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।