रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी,महराजगंज
महराजगंज ठूठीबारी देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), महराजगंज द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। दिनांक 21 जनवरी 2026 को SSB के कार्यक्षेत्र अंतर्गत समवाय बरगदवा स्थित बाबा कमला प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज, बरगदवा में ‘वन्दे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया।
इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 195 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ सहभागिता की, जिनमें 105 छात्र एवं 90 छात्राएँ शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त विद्यालय के 16 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान SSB अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए प्रेरणा, साहस और आत्मबल का स्रोत रहा है। इस गीत ने युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने के साथ-साथ देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यबोध को मजबूत किया है।
इस अवसर पर समवाय बरगदवा के सहायक कमांडेंट श्री मयंक गुप्ता सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं SSB के कार्मिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, देशप्रेम और राष्ट्र सेवा ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। इस प्रकार के आयोजन युवाओं के चरित्र निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय जनसमुदाय ने 22वीं वाहिनी SSB महराजगंज द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायक कार्यक्रम की मुक्तकंठ से सराहना की। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के देशभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े आयोजनों के निरंतर आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।