न्यूज़ रिपोर्ट: विशाल रौनियार ठूठीबारी
सीमा पर सख़्ती, तस्करी पर नकेल।
ठूठीबारी (महराजगंज)। इंडो-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 22वीं वाहिनी, ठूठीबारी टीम ने सतर्कता दिखाते हुए अवैध लकड़ी तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया। शनिवार को नियमित गश्त के दौरान एसएसबी जवानों ने भरवलिया चंदन नदी के बंधे के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दो तस्करों को साखू (साल) की अवैध लकड़ी के साथ धर दबोचा।
एसएसबी टीम ने मौके से दो बोटा साखू की लकड़ी बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इस लकड़ी को अवैध रूप से नेपाल ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामदरश चौहान पुत्र मोहर चौहान, निवासी ग्राम बोदना, थाना ठूठीबारी तथा देवी शरण यादव पुत्र जितई यादव, निवासी ग्राम बसंतपुर, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है।
आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एसएसबी ने बरामद अवैध लकड़ी और दोनों आरोपियों को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु निचलौल वन्य जीव प्रभाग, निचलौल को सौंप दिया।
इस संबंध में बीओपी इंचार्ज शिवपूजन प्रसाद ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी की गश्त लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।