*खाकी पर दाग: बहुआर चौकी इंचार्ज पर किसान के मुआवजे से ‘कमीशन’खोरी का आरोप।*

ब्यूरो रिपोर्ट दिलीप पाण्डेय निचलौल 

 

हाईलाइट:

₹50,000 तय हुआ था फसल नुकसान का हर्जाना, पीड़ित किसान को मिले मात्र 30 हजार; शेष 20 हजार गटकने की चर्चा। 

महराजगंज/निचलौल: जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआर पुलिस चौकी से खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के द्वार पहुंचे एक गरीब किसान के हक पर ही डाका डालने का गंभीर आरोप चौकी इंचार्ज दीपक सिंह पर लगा है। चर्चा है कि साहब ने मामले को सुलझाने के नाम पर किसान के मुआवजे से ही अपनी जेब गरम कर ली।

 

जानिए क्या है पूरा मामला?

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की फसल का नुकसान होने पर उसने बहुआर पुलिस चौकी में न्याय की गुहार लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद विपक्षी (द्वितीय पक्षकार) के साथ समझौता हुआ, जिसमें नुकसान की भरपाई हेतु ₹50,000 की मुआवजा राशि तय की गई।

 

चौकी के भीतर हुआ ‘खेल’:

 

आरोप है कि दिनांक 23 फरवरी 2026 को बहुआर चौकी परिसर में ही मुआवजे के लेन-देन की प्रक्रिया पूरी की गई। सूत्रों के मुताबिक, दूसरे पक्ष ने समझौते के अनुसार पूरे ₹50,000 चौकी इंचार्ज दीपक सिंह को सुपुर्द किए। लेकिन जब पीड़ित किसान को राशि देने की बारी आई, तो साहब ने उसे मात्र ₹30,000 थमा दिए। बाकी के ₹20,000 चौकी इंचार्ज स्वयं ‘हजम’ कर गए। गरीब किसान साहब के रौब के आगे कुछ बोल न सका, लेकिन मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

 

इस प्रकरण के संबंध में जब प्रभारी निरीक्षक निचलौल, अखिलेश कुमार वर्मा से दूरभाष पर बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस प्रकार का कोई प्रकरण संज्ञान में आता है या लिखित शिकायत मिलती है, तो जांच कराकर संबंधित के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *