ब्यूरो/ विश्वतेज त्रिपाठी/ सिसवा बाजार महाराजगंज
महराजगंज जिले के विद्यालयों में सामाजिक जागरूकता को मजबूती देने के उद्देश्य से एस.एस. इंटर कॉलेज, करमही (महराजगंज) में एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त समाज, सड़क सुरक्षा तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज की सशक्त नींव जिम्मेदार और जागरूक युवा पीढ़ी पर ही टिकी होती है। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य श्री विजय कुमार मिश्र सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सकारात्मक सोच के साथ भविष्य निर्माण की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने समाज को नई दिशा देने, कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।