ब्यूरो /राकेश त्रिपाठी /सिंदुरिया महराजगंज
प्रधान सम्पादक
कानून की नजर से अपराधी बच नहीं सकते
सिंदुरिया थाना क्षेत्र में 17 जनवरी को हुई मोटरसाइकिल चोरी की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई। पुलिस ने चौंकाने वाले तरीके से छिपाई गई स्प्लेंडर प्लस बाइक को पिपरा बाजार और चिउटहां सिवान के बीच एक माइनर के पास जमीन के अंदर से बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने चोरी के बाद बाइक को पकड़े जाने के डर से जमीन में गड्ढा खोदकर दबा दिया था। इस असामान्य हरकत पर एक राहगीर की नजर पड़ी, जिसने संदिग्ध स्थान की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
चिउटहां चौकी प्रभारी शारीरिक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। निचलौल के नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई, जहां जमीन के भीतर छिपी चोरी की मोटरसाइकिल बाहर निकाली गई।
बरामद बाइक को विधिवत सिंदुरिया थाने लाया गया है। थाना अध्यक्ष ने बाइक की पहचान चोरी गई स्प्लेंडर प्लस के रूप में करते हुए इसकी सुरक्षित बरामदगी की पुष्टि की है।
फिलहाल पुलिस चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हो गया है कि अपराध चाहे जितना भी शातिर तरीके से किया जाए, कानून के लंबे हाथों से बच पाना मुश्किल है।