ब्यूरो रिपोर्ट/राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी और साफ संदेश दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
एसपी ने जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महराजगंज और महराजगंज इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने परीक्षा कक्ष, प्रवेश द्वार, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने केंद्र प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
एसपी सोमेंद्र मीना ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित जिला पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और परीक्षा केंद्र प्रभारी भी मौजूद रहे।