ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज में सक्सेना चौक पर गोवंश की अस्थियां रखकर किए गए प्रदर्शन के मामले को जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तत्काल प्रभाव से तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन कर पूरे प्रकरण की गहन पड़ताल के आदेश दिए हैं।
गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को शामिल किया गया है। समिति को निर्देशित किया गया है कि वह घटनास्थल, संबंधित पक्षों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच कर तीन दिवस के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शासन की प्राथमिकता से जुड़ा विषय
प्रदेश में गोवंश की सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकताओं में रखा गया है। ऐसे में सार्वजनिक स्थल पर गोवंश की अस्थियां रखकर प्रदर्शन किया जाना न केवल संवेदनशील मामला है, बल्कि यह प्रशासनिक सतर्कता और जिम्मेदारी पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। प्रशासन इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि आखिर अस्थियां वहां तक कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में प्रदर्शन की स्थिति बनी।
साजिश की आशंका की भी होगी जांच
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान इस पहलू को भी गंभीरता से देखा जाएगा कि कहीं यह कृत्य जानबूझकर माहौल बिगाड़ने या प्रशासन को कटघरे में खड़ा करने की साजिश का हिस्सा तो नहीं। सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।