ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज। जनपद में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की निगरानी और समाधान किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 8423675896 निर्धारित किया गया है, जिस पर आम नागरिक पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की कमी या संबंधित समस्याओं की सूचना दे सकते हैं।
कंट्रोल रूम के संचालन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन ने विभिन्न अधिकारियों को सौंपी है। डिप्टी कलेक्टर विजय यादव को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, जबकि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी सहित कई पूर्ति निरीक्षकों को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक कंट्रोल रूम की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। पहली पाली सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों से संबंधित शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बाधित न होने पाए और यदि कहीं कालाबाजारी या कृत्रिम कमी की शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पर बेहतर निगरानी रहेगी और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा।