ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज, 24 फरवरी 2026, जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि मुख्य सड़क मार्गों के किनारे साइनेज (संकेतक बोर्ड) को लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि सड़क यातायात सुरक्षित हो और आम जनमानस को यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो। अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि कुल 11 ब्लैक स्पॉट पर साइनेज, रिपीटेड बार, रिफ्लेक्टिव टेप, आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण कर उन्हें सुरक्षित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्गों पर मानक के अनुसार बैरियर/बैरिकेडिंग लगवाने हेतु निर्देशित किया। कहा कि सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई कराना सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी महोदय ने विशेषकर महराजगंज–गोरखपुर मार्ग को सुरक्षित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि गाड़ियों की फिटनेस जांच गुणवत्तापूर्ण हो, इसको सुनिश्चित कराएं। मानक के अनुरूप न पाए जाने की दशा में उन्हें सीज करने की भी कार्यवाही करें। उन्होंने पुलिस व एआरटीओ को यातायात नियमों का पालन सख्ती के साथ करवाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु व्यापक स्तर पर जनजागरुकता कार्यक्रम चलाने के लिए कहा।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आर.के. मिश्रा, एआरटीओ मनोज सिंह सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।