महराजगंज में स्कूली वाहनों पर सख्ती: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक के बाद चला विशेष अभियान।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक 

 

महराजगंज जनपद में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को यातायात पुलिस द्वारा नगर एवं कस्बा क्षेत्रों में संचालित स्कूल और कॉलेज वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इससे पूर्व अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तय की गई।

 

बैठक में विद्यालय प्रबंधकों, बस संचालकों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना मानक पूरे किए कोई भी वाहन सड़कों पर न उतारा जाए। इसके बाद संयुक्त रूप से अभियान चलाकर स्कूली बसों और वैन की गहन जांच की गई।

 

चेकिंग के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। कई वाहनों में सीसीटीवी कैमरा और अग्निशामक यंत्र की कमी पाई गई, जिस पर चालकों और प्रबंधकों को कड़ी चेतावनी दी गई। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी की गई।

 

अधिकारियों ने दो टूक कहा कि स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना, तेज गति से वाहन चलाना और सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि वाहनों में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगवाएं तथा अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त फर्स्ट-एड सामग्री हमेशा उपलब्ध रखें।

 

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रयास है। भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *