*महराजगंज में सुभासपा का शक्ति प्रदर्शन: 15 मार्च को 100 ब्राह्मणों के शंखनाद से गूंजेगा ‘सामाजिक समरसता’ का शंख।*

ब्यूरो रिपोर्ट /अभिषेक श्रीवास्तव

सिसवा बाजार महाराजगंज 

महराजगंज: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) आगामी 15 मार्च 2026 को जनपद के धनेई स्थित सर्वोदय कॉलेज में एक ऐतिहासिक ‘सामाजिक समरसता महारैली’ के जरिए अपनी राजनैतिक ताकत का अहसास कराएगी। इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रैली का श्रीगणेश 100 से अधिक ब्राह्मणों द्वारा सामूहिक शंखनाद के साथ किया जाएगा।

तैयारियों की कमान डॉ. अरविंद राजभर के हाथ:

महारैली की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए स्थानीय निरीक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोने का अभियान है।

 

वंचितों की आवाज बनेगी महारैली:

 

पत्रकारों से रूबरू होते हुए डॉ. राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में पार्टी ने हमेशा शोषितों और पिछड़ों के हक की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा:

“यह महारैली सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के हमारे संकल्प को और मजबूती देगी। आज समाज का हर तबका सुभासपा की नीतियों पर भरोसा जता रहा है।”

 

गांव-गांव में ‘पीला झंडा’, घर-घर न्योता:

महारैली के प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव श्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में समितियां गठित कर दी गई हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को पीले झंडे के साथ आमंत्रित कर रहे हैं। रैली को लेकर जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बैठक के अंत में डॉ. राजभर ने समर्थकों से अपील की कि 15 मार्च को भारी संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *