ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
तकनीक के भरोसे पुलिस, जनता को मिला भरोसा।
महराजगंज।जनपद महराजगंज में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के कुशल निर्देशन में सर्विलांस सेल ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 121 मोबाइल फोन को तकनीकी विश्लेषण व आधुनिक ट्रैकिंग प्रणाली के माध्यम से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
नव वर्ष के शुभ अवसर पर मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत ₹26,33,016 बताई जा रही है, जो अपने आप में सर्विलांस सेल की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
यह सराहनीय कार्रवाई सर्विलांस सेल प्रभारी श्याम निवास राय के नेतृत्व में की गई, जिसमें टीम के सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें सुरक्षित बरामद किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने सर्विलांस सेल की टीम की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि “महराजगंज पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तकनीक के बेहतर उपयोग से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।”
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो बिना देरी किए सर्विलांस सेल अथवा नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
यह सफलता न केवल महराजगंज पुलिस की कार्यप्रणाली को दर्शाती है, बल्कि आमजन के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी और अधिक मजबूत करती है।