ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज। बेसिक शिक्षा विभाग के जिला कार्यालय में घटित एक मामूली-सी घटना इन दिनों कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सोमवार सुबह बीएसए कार्यालय में हुए एक घटनाक्रम ने विभागीय शिष्टाचार और पद की गरिमा को लेकर बहस छेड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, एक खंड शिक्षा अधिकारी अपने कक्ष में कार्यरत थे, तभी एक प्रधानाध्यापक किसी प्रशासनिक कार्य से कार्यालय पहुंचे। बातचीत के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने चाय पीने की इच्छा जताई। इस पर प्रधानाध्यापक ने विनम्रता से कार्यालय में उपस्थित किसी चपरासी को बुलाने की बात कही, किंतु उस समय कार्यालय में कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं मिला।
चर्चा है कि इसके बाद अधिकारी ने प्रधानाध्यापक से ही चाय लाने का आग्रह कर दिया। यही छोटा-सा प्रसंग अब विभागीय गलियारों में ‘चाय प्रकरण’ के रूप में चर्चित हो गया है।
कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर मतभेद दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सामान्य मानवीय व्यवहार मानते हुए तूल न देने की बात कह रहे हैं, तो वहीं अन्य इसे प्रशासनिक मर्यादा और पद की गरिमा से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि विभागीय पदानुक्रम में कार्य की स्पष्ट सीमाएं तय हैं, जिनका सम्मान होना चाहिए।
हालांकि अब तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन घटना ने शिक्षा विभाग में कार्यसंस्कृति और आपसी व्यवहार को लेकर एक नई बहस जरूर छेड़ दी है। फिलहाल विभागीय हलकों में इस ‘चाय प्रसंग’ की चर्चा जारी है।