निचलौल के ओबरी में संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत, घर के अंदर फंदे से लटका मिला शव।  

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ओबरी गांव में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किशोरी का शव घर के कमरे में छत की कुंडी से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 4:30 बजे मकान मालिक जब घर पहुंचे तो उन्होंने किशोरी को फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही उन्होंने तत्काल निचलौल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

 

मौके पर क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह तथा निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू की।

 

बताया जा रहा है कि मृतका उसी मकान में साफ-सफाई और देखरेख का कार्य करती थी। हालांकि, अब तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामला ताजा है। फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

घटना के बाद से गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सच्चाई तक पहुंचने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *