मधवलिया रेंज में तेंदुए का आतंक, मासूम बच्ची पर हमला इलाके में दहशत।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

वन्यजीव संरक्षण के साथ मानव सुरक्षा भी सर्वोपरि”

 

 

महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र अंतर्गत मधवलिया वन रेंज के 24 वन-टंगिया गांवों में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तेंदुए ने एक मासूम बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए महराजगंज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। मधवलिया रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में उप-क्षेत्रीय वन अधिकारी अभिषेक सिंह, नवीन उपाध्याय, अवधराज सिंह सहित वनकर्मियों की टीम जिला अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने चिकित्सकों से बच्ची की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

 

वन अधिकारियों ने घायल बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और विभाग की ओर से हर संभव मानवीय व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों में तेंदुए की लगातार गतिविधियों को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। तेंदुए की निगरानी के लिए गश्त तेज कर दी गई है तथा ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि वन क्षेत्रों से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस और दीर्घकालिक रणनीति कब बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *