*महराजगंज में गरिमा व उत्साह के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस, जिलाधिकारी ने दिलाई संविधान की शपथ।*

ब्यूरो /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

 

महराजगंज, 26 जनवरी 2026 देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद महराजगंज में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने प्रातः 08:30 बजे कलेक्ट्रेट भवन पर विधिवत ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा जिलाधिकारी महोदय ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई।

 

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीते 76 वर्षों में भारतीय संविधान ने देश को एक सशक्त, स्थिर और लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया है। इस अवसर पर उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।

 

जिलाधिकारी ने जनपद के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए संविधान निर्माता प्रो. शिब्बन लाल सक्सेना को याद किया और कहा कि यह महराजगंज के लिए गर्व की बात है कि संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूति इसी जनपद से थीं। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सुचारु व्यवस्था के लिए एक मजबूत फ्रेमवर्क आवश्यक होता है, जिसे भारतीय संविधान ने अत्यंत प्रभावी ढंग से स्थापित किया है।

 

उन्होंने कहा कि देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि जनपद भी इस विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभाए। इसके लिए अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करना आवश्यक है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सभी से अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

 

अपने उद्बोधन के अंत में जिलाधिकारी ने प्रत्येक नागरिक से अपील की कि वे अपने घर में संविधान की एक प्रति अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि संविधान केवल अनुच्छेदों का संग्रह नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और मूल्यों का जीवंत प्रतिबिंब है, जो आधुनिक जीवन को कानूनी और नैतिक आधार प्रदान करता है।

 

अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम दूसरों से जो अपेक्षा करते हैं, उसे पहले स्वयं अपने व्यवहार में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यपालिका के अंग के रूप में हम सभी का कर्तव्य है कि ईमानदारी से अपने दायित्वों का पालन करें और एक कल्याणकारी राज्य की संकल्पना को साकार करें।

 

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल ने कहा कि यदि देश के लिए कुछ करना है तो जिस पद और स्थान पर हम हैं, वहीं रहकर पूरी निष्ठा से आमजन के कार्यों को करना ही सच्ची देशसेवा है।

 

गोष्ठी को एसडीएम नन्द प्रकाश मौर्या, एसडीएम विजय यादव, एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी (विज्ञान) मनोज कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ओएसडी जिलाधिकारी आर.पी. सिंह, नाजिर वेद प्रकाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *