न्यूज रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज चौक
प्रधान सम्पादक
आस्था भी सुरक्षित, व्यवस्था भी चुस्त।
महराजगंज। आगामी मकर संक्रांति एवं खिचड़ी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से महराजगंज के एडिशनल एसपी सिद्धार्थ द्वारा थाना चौक क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गुरु गोरक्षनाथ मंदिर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर व आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
एडिशनल एसपी ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और पार्किंग की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने, वैकल्पिक मार्गों की स्पष्ट जानकारी देने तथा पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी ने कहा कि मकर संक्रांति और खिचड़ी मेला जनपद का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु विशेष इंतजाम और आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन व पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं पर भी ध्यान देने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान थाना चौक के प्रभारी ओम प्रकाश गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ त्योहार का आनंद लें, सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी मुस्तैदी से निभाई जाएगी।