*अंत्येष्टि स्थल के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पूरे गांव में सनसनी।*

ब्यूरो/ राकेश त्रिपाठी/घुघली

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज घुघली थाना क्षेत्र
घुघली थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अंत्येष्टि स्थल के सामने नदी किनारे स्थित पीपल के पेड़ से एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में लटकता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से उतरवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी, जिससे रहस्य और गहराता जा रहा है। अंत्येष्टि स्थल के समीप शव मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इस संबंध में घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है, ताकि इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *