ब्यूरो रिपोर्ट/ रामेश्वर त्रिपाठी/ठूठीबारी इंडो नेपाल
महराजगंज। जिले में पदभार संभालते ही पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली का अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। उनके इस औचक दौरे से सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी अवस्थी ने सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), स्थानीय पुलिस, कस्टम विभाग सहित अन्य एजेंसियों के अधिकारियों से सीधा संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की गहराई से समीक्षा की। उन्होंने खास तौर पर सीमा पार आवाजाही करने वाले यात्रियों और पर्यटकों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से देखा और उसमें पारदर्शिता व सख्ती बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने साफ कहा कि “जांच ऐसी होनी चाहिए कि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगे, लेकिन आम नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो।” इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, बैरियर और अन्य तकनीकी संसाधनों की स्थिति भी परखी और उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में एसपी अवस्थी ने तस्करी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सभी एजेंसियों को एकजुट होकर काम करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीमा पर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि सीमा सुरक्षा को लेकर “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
इस सख्त रुख से साफ संकेत है कि आने वाले दिनों में सोनौली सीमा पर सुरक्षा और निगरानी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और सख्त नजर आएगी।