*जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम का किया औचक निरीक्षण।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

 

जनपद के जिला क्रीड़ा स्टेडियम का जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेडियम परिसर में स्थित मल्टीपरपज हॉल, सिंथेटिक ट्रैक, वॉलीबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाओं का गहन अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मल्टीपरपज हॉल में पानी के रिसाव की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को तत्काल प्रभाव से पानी के रिसाव की समस्या को ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह स्पष्ट किया कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है।

मल्टीपरपज हॉल में बैडमिंटन खिलाड़ियों को खेलते समय हो रही असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने वहां लगी लाइटों के स्थान परिवर्तन के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सिंथेटिक ट्रैक में पाई गई टूट-फूट को लेकर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वॉलीबॉल कोर्ट की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उसे फिक्स कराने एवं मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने को कहा। इसके साथ ही मल्टीपरपज हाल के आस–पास पानी की निकासी को सुनिश्चित करने हेतु नाली निर्माण के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला क्रीड़ा स्टेडियम युवाओं और उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में निर्माण एवं रखरखाव कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एक्सईएन यूपीसीडको मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *