*आरोग्य मेले का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

 

महराजगंज, 01 फरवरी 2026 जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा आज पीएचसी खुशहालनगर में आयोजित आरोग्य मेले का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

 

आरोग्य मेले में कुल 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिन्हें आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। साथ ही मेदिनीपुर निवासी नंदू, संतोष, शुभम और पूजा सहित 04 लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवा स्टॉक का निरीक्षण किया, जिसमें अधिकांश दवाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि एआरवी वैक्सीन स्टॉक में नहीं मिली। इस संबंध में फार्मासिस्ट द्वारा अवगत कराया गया कि वैक्सीन की मांग जिला मुख्यालय को भेज दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल वैक्सीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं से आयुष्मान लाभार्थियों की सूची की भी समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि 70 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान योजना से वंचित न रहे।

उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, मरीजों को सभी आवश्यक जांच व दवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा शासन की शीर्ष प्राथमिकता है, और इसे धरातल पर उतारना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एमओआईसी घुघली डॉ. अमित विक्रम सिंह, डॉ. राकेश मोहन शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *