रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी प्रधान संपादक
जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने आज ग्राम पंचायत भवन बभनौली बुजुर्ग में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर रजिस्ट्री के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी समय में सरकार की अधिकांश कृषि योजनाओं, सब्सिडी, खाद–बीज वितरण तथा अन्य लाभकारी सुविधाओं का लाभ उसी किसान को मिलेगा जिसकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी। इससे वास्तविक और फर्जी किसानों की पहचान सुनिश्चित हो सकेगी तथा योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुँच सकेगा।
जिलाधिकारी ने मौके पर कम्प्यूटर ऑपरेटर द्वारा किए जा रहे रजिस्ट्री कार्य की गुणवत्ता और प्रक्रिया की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने ग्राम बभनौली के किसानों—बैजनाथ एवं योगेन्द्र—को फार्मर रजिस्ट्री का प्रमाणपत्र प्रदान किया। उन्होंने उपस्थित किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र किसान बिना विलंब अपनी रजिस्ट्री अवश्य पूर्ण कराएं ताकि किसी भी सुविधा से वंचित न रह जाएं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से फॉर्म 6, 7 और 8 भरकर बीएलओ के पास जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही नाम जुड़े रहने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित होती है।
किसानों को खेतों में पराली न जलाने के लिए प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरक क्षमता कम होती है, उत्पादन प्रभावित होता है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुँचता है। उन्होंने किसानों को पराली के वैज्ञानिक प्रबंधन और वैकल्पिक उपयोग के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक गाय द्वारा बछिया को जन्म दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने नवजात बछिया को दूध पिलाकर उसके स्वस्थ होने की शुभकामनाएँ दीं। गौआश्रय में वर्तमान में 36 पशु रखे जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने पाया कि आश्रय स्थल का वर्तमान परिसर छोटा है और इसे विस्तार की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने गौआश्रय की जगह बढ़ाकर इसे और व्यवस्थित बनाने का सुझाव दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नीरज सिंह, सज्जन कुमार (फार्मासिस्ट) सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।