*एसआईआर के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक।*

ब्यूरो/ राकेश त्रिपाठी/महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज, 29 जनवरी 2025, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची अद्यतन की प्रगति से राजनीतिक दलों को अवगत कराना तथा इस प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में जिलाधिकारी ने फॉर्म–06 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म–07 (नाम विलोपन) एवं फॉर्म–08 (संशोधन) की प्राप्ति एवं निस्तारण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर से अब तक कुल 43,755 फॉर्म–06 प्राप्त हुए हैं, जिनमें 238 ऑफलाइन तथा 43,517 ऑनलाइन हैं। इसी प्रकार कुल 1,482 फॉर्म–07 भरे गए हैं, जिनमें मात्र 01 ऑनलाइन है। फॉर्म–08 की कुल संख्या 10,975 है, जिनमें 135 ऑफलाइन तथा 10,840 ऑनलाइन भरे गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन आवेदनों की अधिकता मतदाताओं के बढ़ते डिजिटल रुझान को दर्शाती है, जो एक सकारात्मक संकेत है।

जिलाधिकारी ने नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई, दावे एवं आपत्तियों के परीक्षण तथा निस्तारण की निर्धारित समयसीमा और पारदर्शी प्रक्रिया को बिंदुवार स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि सभी आवेदन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन अपलोड किए जा रहे हैं, ताकि त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपादित किए जाने पर संतोष व्यक्त किया तथा मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

जिलाधिकारी ने 31 जनवरी एवं 05 फरवरी को आयोजित होने वाले विशेष अभियान की जानकारी देते हुए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इन तिथियों पर बीएलओ एवं सुपरवाइज़र पूरे समय उपस्थित रहेंगे। साथ ही राजनीतिक दलों के बीएलए द्वारा फॉर्म–06, 07 एवं 08 के अपेक्षाकृत कम प्राप्त होने पर अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ने में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अर्ह मतदाता नामावली में पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी नंद प्रकाश मौर्य, सपा जिला सचिव शमशुल हुदा, बसपा उपाध्यक्ष श्री तबाकर हुसैन, कांग्रेस जिला महासचिव श्री अफजल अब्बासी, भाजपा नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, जिला महामंत्री श्री गोविंद जायसवाल सहित भाजपा युवा मोर्चा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *