ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त चिकित्सा अधीक्षकों के साथ आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विगत एक माह में आयुष्मान कार्ड निर्माण की अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। इस संबंध में समस्त बीसीपीएम, बीपीएम एवं एमओआईसी की जवाबदेही तय की जाएगी।
समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद ने अवगत कराया कि जनपद में अब तक कुल 8,31,879 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 01 जनवरी से 31 जनवरी के बीच मात्र 6,060 आयुष्मान कार्ड ही निर्मित किए गए। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 1,473 आयुष्मान आईडी हैं, जिनमें से 782 नई आयुष्मान आईडी बनाई गई हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आयुष्मान आईडी पर न्यूनतम 10 आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। साथ ही नियमित पर्यवेक्षण के लिए आयुष्मान सेल के गठन तथा प्रतिदिन ब्लॉकवार रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना आमजन को बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी सहित समस्त एमओआईसी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।