ब्यूरो /राकेश त्रिपाठी /
महाराजगंज
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा रविवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय चौपरिया एवं प्राथमिक विद्यालय सिसवा अमहवा में मतदाताओं की उपस्थिति में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया गया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि नामावली में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि SIR-2026 के अंतर्गत 06 जनवरी 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। मतदाता सूची maharajganj.nic.in वेबसाइट पर Election Panel में देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त सूची संबंधित बीएलओ, ईआरओ कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय महराजगंज में भी उपलब्ध है।
उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करते हुए बताया कि ceouttarpradesh.nic.in पर EPIC नंबर के माध्यम से तथा electoralsearch.eci.gov.in पोर्टल पर नाम, बूथ एवं अन्य विवरण देखे जा सकते हैं। दावे एवं आपत्तियों के लिए नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6, नाम विलोपन हेतु फॉर्म-7, संशोधन/स्थान परिवर्तन हेतु फॉर्म-8 तथा एनआरआई मतदाताओं के लिए फॉर्म-6A भरने की सुविधा उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को निर्देश दिया कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर सुनिश्चित किया जाए, फोटो स्पष्ट हों और कोई भी अर्ह मतदाता सूची से वंचित न रहे। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शी एवं नियमानुसार करने के निर्देश भी दिए गए।
बूथवार मतदाता विवरण
उच्च प्राथमिक विद्यालय चौपरिया
बूथ संख्या 177: 839 मतदाता
बूथ संख्या 178: 445 मतदाता
प्राथमिक विद्यालय सिसवा अमहवा
बूथ संख्या 121: 1010 मतदाता (एसआईआर उपरांत)
बूथ संख्या 122: 617 मतदाता (एसआईआर उपरांत)
इस दौरान नए मतदाताओं से फॉर्म-6 भी भरवाए गए। उपस्थित मतदाताओं ने सूची में सम्मिलित नामों पर संतोष व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि यह विशेष अभियान 11 जनवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के समस्त मतदान केंद्रों पर आयोजित किया गया, जिसमें बीएलओ द्वारा मतदाताओं की उपस्थिति में आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय मतदाता ऋषिकेश पटेल, मोहनलाल गुप्ता, रामटहल, भभूती, बैजनाथ, संतोष, छेदी, मुन्ना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।