जिलाधिकारी ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान क्रय की तैयारियों की समीक्षा की।

रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज, 16 अक्टूबर 2025, आज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान क्रय की तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले धान क्रय केंद्रों के संख्या और धान के एमएसपी कि जानकारी ली। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि 126 क्रय केंद्रों को अनुमोदित किया गया है। बताया कि कॉमन धान का समर्थन मूल्य रू0 2,369/- एवं ग्रेड ए धान का समर्थन मूल्य रू0 2,389/-निर्धारित किया गया है तथा समर्थन मूल्य में गत वर्ष रू0 2,300/- के सापेक्ष रू0 69/- की वृद्धि की गयी है। उन्होंने अवगत कराया कि धान क्रय अवधि 01 नवम्बर, 2025 से 28 फरवरी, 2026 है। जिलाधिकारी महोदय ने धान बिक्री हेतु पंजीकृत किसानों की जानकारी ली। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि अबतक 3290 किसान पंजीकृत हो चुके हैं और पंजीकरण की प्रक्रिया निरंतर चल रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को टेलिकॉलिंग कर पंजीकरण के माध्यम से सूचित करें। उनको अवगत कराएं कि उनके द्वारा www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण के बाद ही धान खरीद की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों पर चेकलिस्ट के अनुसार सभी उपकरण और सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से धान खरीद को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को धान क्रय केंद्रों पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी किसान को असुविधा न होने पाए।

उन्होंने क्रय केंद्रों पर बैनर लगवाने और उस पर सम्बंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर को अंकित करवाने का निर्देश दिया। साथ ही ससमय चेकलिस्ट बनाने और नोडल अधिकारियों को नामित करने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने मंडी सचिवों को समिति के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पावर डस्टर, नमी मापक यंत्र और एनालिसिस मीटर क्रय केंद्रों पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सभी क्रय एजेंसियों को खरीद को धूमधाम से शुरू करने और शुरुआती किसानों को सम्मानित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ई–पॉप मशीन में आयरिश स्कैनर के जुड़ने के दृष्टिगत केंद्र प्रभारियों हेतु कार्यशाला आयोजित करने और उनके लिए जारी दिशा निर्देशों से अवगत कराने का निर्देश दिया।

डिप्टी आरएमओ ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान उत्पादन 457.239 मी०टन, उत्पादकता 32.33 कु0/हे० एवं आच्छादन 1.77 लाख /हे० है। गतवर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 हेतु धान उत्पादन 517.630 मी०टन, उत्पादकता 29.08 कु०/हे० एवं आच्छादन 1.77 लाख /हे० था।

गतवर्ष खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अन्तर्गत महराजगंज मे धान क्रय हेतु आवंटित लक्ष्य 2,00,000 मी०टन के सापेक्ष 2,29,535.912 मी०टन (114.768 प्रतिशत) की खरीद कुल 42,308 कृषकों से की गयी थी।

बैठक में एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, समस्त डीएसओ और मंडी सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *