ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज
प्रधान सम्पादक
*अभियान में जनपद में सर्वाधिक संख्या में बने हैं एम–पैक्स के सदस्य।*
*एआर कोऑपरेटिव को मिला प्रशस्ति पत्र।*
*एम-पैक्स सदस्यता महाभियान में जनपद में बने थे 1.22 लाख सदस्य, 28 हजार ऑनलाइन सदस्य जोड़ने का भी बनाया था कीर्तिमान।*
महराजगंज, 21 दिसंबर 2025, लखनऊ में आयोजित सहकारिता विभाग के युवा सहकार सम्मेलन 2025 में जनपद को मा. मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन योगी आदित्यनाथ जी द्वारा एम–पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 की शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने यह सम्मान ग्रहण किया।
जनपद में एम-पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 के तहत प्रदेश में सर्वाधिक 1.22 लाख नए सदस्य जोड़ने व 28 हजार किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाया गया, जो कि एक रिकॉर्ड है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में जनपद की इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए मा. मुख्यमंत्री जी ने जिलाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सहकारिता विभाग द्वारा बी-पैक्स सदस्यता महाअभियान-2025 का शुभारंभ 12 सितम्बर 2025 को किया गया था जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक कृषकों को बी-पैक्स (बहु-उद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति) के सदस्यता से जोड़ा जाना था। इस बार के सदस्यता अभियान का प्रमुख आकर्षण सभी कृषकों को “कृषक पंजिका” प्रदान कर एक पहचान प्रदान किया जाना था। जिलाधिकारी महोदय की पहल पर जनपद महराजगंज में उर्वरक वितरण को शत-प्रतिशत “कृषक पंजिका’ से जोड़ दिया गया है। इससे उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी व सुगम बनाने में काफी मदद मिली। साथ ही किसानों ने इस घोषणा के बाद समितियों का सदस्य बनने में विशेष रुचि दिखाई। इसके पूर्व सदस्यता अभियान-2023 में चलाया गया था जिसमें जनपद को 30000 का लक्ष्य प्रदान किया गया था जिसके सापेक्ष लगभग 36000 सदस्य बनाये गये थे। वर्तमान सदस्यता महाअभियान-2025 में पुनः 30000 का लक्ष्य जनपद को दिया गया, जिसके सापेक्ष 127000 (04 गुना से भी अधिक) सदस्य बनाकर जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। जनपद में प्रति पैक्स 1300 से भी अधिक नये सदस्यों को जोडा गया, जो कि जनपद में सर्वाधिक रहा जो कि एक रिकॉर्ड है। जनपद ने शानदार उपलब्धि जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व और पर्यवेक्षण में हासिल किया।
जिलाधिकारी ने सहकारिता विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा एम पैक्स सदस्यता महाभियान 2025 जनपद एम-पैक्स सदस्यता महाभियान के क्रियान्वयन में जिला सहकारिता आंदोलन के सुदृढ़ीकरण का मॉडल बनकर उभरा है। पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका लाभ किसानों को रबी सीजन में खाद वितरण में भी देखने को मिला।
जिले में 96 सहकारी समितियां हैं जो कि सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इन समितियों के माध्यम से किसानों को संगठित कर उन्हें सहकारिता की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि समिति के सदस्य बनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य किसानों को संस्थागत ऋण, खाद-बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र, विपणन तथा विभाग संबंधी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सदस्यता के माध्यम से किसानों को उर्वरक प्राप्त करने भी सहूलियत प्राप्त हुई। ऑनलाइन सदस्यता सुविधा ने अभियान को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया, जिससे सदस्यता अभियान में युवा किसानों की भागीदारी भी बढ़ी।
अभियान के दौरान ग्राम स्तर पर जागरूकता, शिविरों का आयोजन, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग और समितियों की क्षमता वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया गया। डीएम के पहल पर विशेष शिविर लगाए गए। इसके चलते जिले में लक्ष्य से अधिक सदस्य समितियों से जुड़े।
सदस्यता अभियान में मंडल में गोरखपुर आठवें, कुशीनगर इक्कीसवें और देवरिया चौंतीसवें स्थान पर रहा। जबकि शाहजहांपुर 108788 सदस्यों के साथ दूसरे, उन्नाव 103272 सदस्य संख्य के साथ तीसरे, खीरी 82824 कृषक सदस्यों के साथ चौथे और बुलंदशहर 81355 सदस्यों के साथ पांचवे स्थान पर रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सशक्त पैक्स के जरिए जनपद के किसान सशक्त और आत्मनिर्भर बनेंगे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कृषि योजनाओं का प्रभावी और बेहतर क्रियान्वयन होगा। महराजगंज का यह मॉडल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।