उप सम्पादक :नरसिंह उपाध्याय
समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश @2047 की तैयार करेंगे रूपरेखा।
समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश @2047 बनाने हेतु विभिन्न नागरिक समूहों से प्राप्त करेंगे फीडबैक।
महराजगंज, 14 सितंबर 2025, समर्थ उत्तर प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश @2047 जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत शासन द्वारा नामित प्रबुद्धजन कल से दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर रहेंगे और विभिन्न समूहों के साथ संवाद कर 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने की रूपरेखा खींचेंगे।
दो दिवसीय जनसंवाद कार्यक्रम में प्रत्येक दिन 5–5 सत्र आयोजित किए जायेंगे। दिनांक: 15 सितंबर 2025 को जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत करमहा में ग्राम चौपाल से होगा, जहां प्रबुद्धजन ग्रामीणों से वार्ता कर 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने का खाका खींचेंगे। इसके उपरांत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ डिग्री कॉलेज, चौक बाजार में प्राविधिक, तकनीकी और अन्य शैक्षणिक विधाओं के शिक्षकों और छात्रों से शिक्षा एवं डिजिटल नवाचार विषय पर जनसंवाद करेंगे। इसके उपरांत स्वास्थ्य, समाज कल्याण और कृषि, पशुधन व संतुलित विकास के क्षेत्र में हितधारकों से कलेक्ट्रेट सभागार में वार्ता करेंगे। दूसरे दिन प्रबुद्धजन नगर एवं ग्राम्य विकास, सुरक्षा व सुशासन, औद्योगिक विकास एवं पर्यटन विषय पर जनसंवाद करेंगे। इसके उपरांत जनपदस्तरीय अधिकारियों से वार्ता करेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रबुद्धजन द्वारा मीडिया से वार्ता की जाएगी।
समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश @2047 की अवधारणा को मूर्त रूप देने और आमजन से विभिन्न सेक्टर में फीडबैक प्राप्त करने व अधिकारियों के ओरियंटेशन के लिए शासन द्वारा प्रत्येक जनपद के लिए प्रबुद्धजनो को नामित किया गया है। नोडल अधिकारी व सचिव नगर विकास अनुज कुमार झा के नेतृत्व में प्रबुद्धजनों की टीम जनपद के दो दिवसीय दौरे पर दिनांक: 15 सितम्बर और 16 सितंबर 2025 को रहेगी।
प्रबुद्धजन द्वारा ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद कर समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश के संदर्भ में उनके सुझाव आमंत्रित करेंगे। इसी प्रकार शिक्षा व डिजिटल नवाचार पर शिक्षाविदों व छात्रों से स्वास्थ्य के विषय में भारतीय चिकित्सा संघ के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। प्रबुद्धजनों द्वारा महिला समूहों, श्रमिक संगठनों एवं अन्य संगठनों के साथ वार्तालाप कर शासन के विजन से अवगत कराते हुए उनके सुझावों को आमंत्रित किया जाएगा। इसी प्रकार कृषकों, पशुपालकों, पर्यावरणविदों, उद्यमियों, मीडियाकर्मियों आदि से संवाद किया जाएगा। विकसित भारत @ 2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इस मिशन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक समृद्ध, समान और वैश्विक स्तर पर सम्मानित राज्य का निर्माण करने और इस मिशन को दिशा प्रदान करने एवं पथ प्रदर्शन हेतु एक विजन डॉक्यूमेंट बनाया जाएगा। विजन डॉक्यूमेंट में तीन थीम- अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति, जीवन शक्ति और 12 सेक्टर कृषि एवं सम्बद्ध, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आई०टी० एवं इमर्जिंग प्रौद्योगिकी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सुरक्षा एवं सुशासन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए तैयार किया जाएगा।
इस अभियान की अवधि दिनांक 05 सितम्बर, 2025 से 05 अक्टूबर, 2025 तक है, जिसका उद्देश्य जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करना तथा प्रदेश के नागरिकों को राज्य के विकास में सहयोगी व सहभागी बनाते हुये गर्व की भावना को विकसित करना है। सरकार द्वारा प्रदेश को विकसित किये हेतु विकसित पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in के QR Code को मोबाइल / कम्प्यूटर से स्कैन कर उत्तर प्रदेश को विकसित बनाये जाने की दिशा में सुझाव / फीडबैक की व्यवस्था की गई है।
प्रबुद्धजन द्वारा विभिन्न नागरिक समूहों, विद्यार्थियों, किसानों आदि को विगत 08 वर्षों में प्रदेश की विकास यात्रा के सम्बन्ध में अवगत कराते हुए राज्य के विकास हेतु रोड मैप पर चर्चा की जाएगी तथा उनसे फीडबैक प्राप्त किया जाएगा। प्रबुद्धजनों के साथ ही जनपद हेतु शासन स्तर से नामित नोडल अधिकारी अनुज कुमार झा, सचिव, नगर विकास एवं निदेशक, स्थानीय निकाय, उ०प्र० द्वारा भी प्रतिभाग किया जाना है। जनपद महराजगंज के लिए नागेश्वर नाथ उपाध्याय (सेवानिवृत्त आईएएस), पंकज मिश्रा (सेवानिवृत्त आईएफएस), डॉ घनश्याम शर्मा, डॉ प्रमोद कुमार पाण्डेय और ओमप्रकाश सिंह को प्रबुद्धजन के रूप में नामित किया गया है।