ब्यूरो/राकेश त्रिपाठी/महाराजगंज
महराजगंज। आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जनपद में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशान्त कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह अभ्यास संभावित हवाई हमले या युद्ध जैसी स्थिति में नागरिकों की सतर्कता और प्रशासनिक तैयारियों की जांच के लिए किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 जनवरी 2026 को सायं 6:00 बजे से 6:10 बजे तक पुलिस लाइन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैक आउट रहेगा। इस दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी और सिविल डिफेंस से जुड़े आपातकालीन बचाव उपायों का अभ्यास एवं प्रदर्शन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त प्रतिष्ठानों, कार्यालयों, चेंबरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे। नागरिकों को घरों के भीतर ही रहने, टॉर्च, मोबाइल फ्लैश, माचिस का प्रयोग न करने तथा धूम्रपान से परहेज करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी स्थान से प्रकाश बाहर आ रहा हो तो उसे कागज या अन्य साधनों से ढकने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्लैक आउट के दौरान घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक शांति बनाए रखें, सावधानी से चलें और किसी भी प्रकार की अफरातफरी से बचें। यह मॉक ड्रिल सिविल डिफेंस महराजगंज के वार्डनों के सहयोग से संपन्न कराई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के अभ्यास भविष्य में किसी भी आपदा या युद्ध जैसी विषम परिस्थिति में जनसामान्य को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। जनपदवासियों से इस अभ्यास को सफल बनाने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की गई है।